रायपुर। राजधानी में पासपोर्ट सेवा केंद्र का पता बदलने जा रहा है। अब तक श्याम प्लाजा में संचालित हो रहा यह केंद्र 6 अप्रैल से तेलीबांधा स्थित नए हाईटेक परिसर में शिफ्ट हो जाएगा। जगह की कमी को देखते हुए इस बदलाव का निर्णय लिया गया है।
नया पासपोर्ट सेवा केंद्र तेलीबांधा स्थित वन हाई स्ट्रीट कॉम्प्लेक्स के सेकेंड फ्लोर पर बनाया जा रहा है, जहां आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी बीएस राणा के अनुसार, “6 अप्रैल से सभी सेवाएं नए दफ्तर से ही संचालित होंगी।” उन्होंने यह भी कहा कि इस तारीख के बाद ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेने वाले सभी आवेदकों को नए पते पर ही जाना होगा और लंबित आवेदनों का निपटारा भी यहीं किया जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार नए केंद्र में बेहतर पार्किंग, बैठने की सुविधा और हाईटेक सिस्टम उपलब्ध रहेंगे। इस बदलाव से रायपुर के साथ-साथ भिलाई, बिलासपुर और महासमुंद से आने वाले आवेदकों को भी सुविधा मिलेगी।
डीडी नगर वाला पासपोर्ट दफ्तर अपनी जगह से ही संचालित होता रहेगा। इस दफ्तर से संबंधित सभी काम इसी पते के ऑफिस से होते रहेंगे। पासपोर्ट सेवा केंद्र का संचालन टीसीएस कंपनी करती है। सभी प्रक्रिया के बाद डीडी नगर के पासपोर्ट दफ्तर से छत्तीसगढ़ पासपोर्ट अधिकारी के हस्ताक्षर से पासपोर्ट स्पीड पोस्ट से आवेदकों के घरों में भेजे जाते हैं।





