छत्तीसगढ़

रायपुर के होटल रॉयल कैसल में लगी भीषण आग, दमकल की टीम मौके पर जुटी

रायपुर। राजधानी रायपुर के विधानसभा क्षेत्र में स्थित होटल रॉयल कैसल में गुरुवार को अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि आग होटल के ग्राउंड फ्लोर में बने स्टोर रूम में लगी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पहली मंजिल तक दिखाई देने लगीं।

घटना की जानकारी मिलते ही होटल में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। हालांकि होटल स्टाफ और स्थानीय लोगों की सतर्कता के चलते वहां मौजूद सभी लोगों को तुरंत बाहर निकाल लिया गया।

सूचना मिलने पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। वहीं विधानसभा थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई है और बचाव कार्य जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार स्टोर रूम में रखे सामान की वजह से आग तेजी से फैल गई। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

फिलहाल राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने आसपास के इलाके को खाली करवा दिया है और दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts