रायपुर में रसोई गैस की किल्लत के बीच अब सिलेंडर चोरी के मामले भी सामने आने लगे हैं। ताजा घटना राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र की है, जहां एक अज्ञात चोर ने घर में घुसकर गैस सिलेंडर पार कर दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक, बजाज कॉलोनी सेक्टर-7, न्यू राजेंद्र नगर निवासी रितेश (45), जो पेशे से सिविल इंजीनियर हैं, ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके घर के आंगन में रखा एचपी कंपनी का खाली गैस सिलेंडर सुबह करीब 4:30 से 5 बजे के बीच चोरी हो गया। चोर दीवार फांदकर अंदर घुसा और सिलेंडर लेकर फरार हो गया।
घटना के बाद पीड़ित ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन सिलेंडर का कोई पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। चोरी हुए सिलेंडर की कीमत लगभग 2000 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एलपीजी गैस सिलिंडरों की किल्लत गहराने पर तेल कंपनियों ने गैस एजेंसियों को होने वाली आपूर्ति पर 20 से 25 प्रतिशत तक का कोटा निर्धारित कर दिया है। यानी अब मांग के अनुरूप नहीं, बल्कि तय कोटे के आधार पर ही सिलिंडरों की आपूर्ति की जाएगी। राजधानी समेत प्रदेश के कई हिस्सों में गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं।
सरकार द्वारा वितरण की निरंतर निगरानी की जा रही है। प्रदेश के पांच बाटलिंग प्लांटों में पर्याप्त स्टाक उपलब्ध है, जिसे 540 वितरकों के माध्यम से नियमित रूप से सप्लाई किया जा रहा है। प्रशासन ने जमाखोरी पर सख्ती दिखाते हुए अब तक 102 स्थानों पर कार्रवाई कर 741 अवैध गैस सिलेंडर जब्त किए हैं।





