रायपुर। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (PTRSU) द्वारा परीक्षा और अन्य शैक्षणिक शुल्कों में की गई बढ़ोतरी को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने विरोध जताया है। संगठन का कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने एक साथ कई शुल्कों में वृद्धि कर छात्रों पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव डाल दिया है।
ABVP के अनुसार, सेमेस्टर परीक्षा शुल्क को ₹1075 से बढ़ाकर ₹1580 और वार्षिक परीक्षा शुल्क को ₹1085 से बढ़ाकर ₹1580 कर दिया गया है। परिषद का दावा है कि यह लगभग 46 प्रतिशत की बढ़ोतरी है, जिसका असर विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर, मध्यमवर्गीय और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों पर पड़ेगा।
संगठन ने मार्कशीट और सिलेबस वेरिफिकेशन शुल्क में हुई बढ़ोतरी पर भी आपत्ति जताई है। परिषद का कहना है कि विश्वविद्यालय ने इसके लिए ₹5000 फीस निर्धारित कर दी है, जिससे नौकरी, उच्च शिक्षा में प्रवेश या अन्य आवश्यक कार्यों के लिए दस्तावेज सत्यापन कराने वाले छात्रों और पूर्व छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
रायपुर महानगर मंत्री सुजल गुप्ता ने कहा कि शिक्षा को आसान और सुलभ बनाने की बात की जाती है, लेकिन दूसरी तरफ छात्रों पर लगातार फीस का बोझ बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि परीक्षा फीस में भारी बढ़ोतरी और हर साल 5% फीस बढ़ाने का फैसला छात्रों के हित में नहीं है।
ABVP ने विश्वविद्यालय प्रशासन से परीक्षा शुल्क वृद्धि वापस लेने, प्रतिवर्ष 5 प्रतिशत फीस बढ़ाने के प्रस्ताव को रद्द करने और वेरिफिकेशन शुल्क कम करने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर विचार नहीं किया गया तो छात्र हित में आंदोलन शुरू किया जाएगा।





