रायपुर। राजधानी रायपुर में सोमवार देर रात हुई प्री-मानसून बारिश ने लोगों को गर्मी और उमस से राहत दिलाई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में दस्तक दे सकता है। इसके लिए मौसम की परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। वहीं अगले पांच दिनों तक प्रदेश के अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग ने बताया है कि मंगलवार को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। 11 जून से मौसम गतिविधियों में और तेजी आ सकती है। सोमवार को प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जिसमें बस्तर जिले के तोकापाल में 1 सेंटीमीटर वर्षा हुई। वहीं राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 24.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर ऊपर तक फैली ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण बनी हुई है। एक द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण से लेकर उत्तरपूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा होते हुए उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और यनम तक समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर स्थित है।
रायपुर में मंगलवार सुबह से बादलों की आवाजाही बनी हुई है। हालांकि मौसम विभाग ने शहर के लिए बारिश की कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है। आज अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।





