देश

पीएम किसान योजना: सरकार ने तय की 22वीं किस्त की तारीख, इन किसानों को मिलेगा लाभ

देशभर के करोड़ों किसानों के लिए राहत भरी खबर है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त की तारीख तय कर दी गई है। सरकार की ओर से मिली जानकारी के अनुसार 13 मार्च को किसानों के बैंक खातों में 2000 रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे। इस बात की जानकारी पीएम किसान के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए साझा की गई है।

काफी समय से किसान इस किस्त का इंतजार कर रहे थे। पहले उम्मीद जताई जा रही थी कि फरवरी के अंत तक पैसे जारी हो जाएंगे, वहीं बाद में कहा गया कि होली से पहले यह राशि किसानों तक पहुंच सकती है। अब सरकार ने इसकी तय तारीख घोषित कर दी है।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को सालाना 6000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि तीन बराबर किस्तों में दी जाती है। यानी हर चार महीने में किसानों के खाते में 2000 रुपये सीधे ट्रांसफर किए जाते हैं, जिससे खेती से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल सके।

हालांकि कुछ किसानों को इस बार भी किस्त नहीं मिल सकती है। दस्तावेजों की कमी या अन्य तकनीकी कारणों से कई बार भुगतान रुक जाता है। सरकार ने पहले की किस्तों के दौरान योजना की जांच भी की थी। इसी दौरान 30 लाख से ज्यादा नाम सूची से हटा दिए गए थे। इसके बाद 21वीं किस्त का पैसा भी कई किसानों के खातों में नहीं पहुंच पाया था।

किसान अपने भुगतान की स्थिति ऑनलाइन भी देख सकते हैं। इसके लिए पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर “Know Your Status” विकल्प पर क्लिक करना होगा। वहां रजिस्ट्रेशन नंबर और कैप्चा कोड डालने के बाद मोबाइल पर आए ओटीपी को दर्ज करना होगा। इसके बाद खाते की पूरी जानकारी स्क्रीन पर दिखाई देगी।

इसके अलावा किसान लाभार्थी सूची में भी अपना नाम देख सकते हैं। इसके लिए पीएम किसान पोर्टल पर जाकर Beneficiary List विकल्प चुनना होगा। फिर राज्य, जिला, उप जिला, ब्लॉक और गांव की जानकारी भरते ही पूरी सूची सामने आ जाएगी।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत 24 फरवरी 2019 को की गई थी। इस योजना का उद्देश्य छोटे और मध्यम किसानों को आर्थिक मदद देना है ताकि वे खेती से जुड़ी जरूरतों को आसानी से पूरा कर सकें। अब तक किसानों को 21 किस्तें जारी की जा चुकी हैं और अब 22वीं किस्त जारी होने वाली है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts