देश

खैनी थूकने के दौरान वंदे भारत की चपेट में आया यात्री, इलाज के दौरान मौत

पटना के पास बाढ़ रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां एक यात्री वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।

मृतक की पहचान भदौर थाना क्षेत्र के लालपुर गांव निवासी मिथिलेश यादव के रूप में हुई है। वह ट्रेन पकड़ने के लिए स्टेशन पहुंचे थे। घटना प्लेटफॉर्म नंबर दो के पास डाउन लाइन के पोल संख्या 480 के नजदीक हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मिथिलेश यादव खैनी थूकने के लिए प्लेटफॉर्म से नीचे रेलवे ट्रैक की ओर चले गए। उसी समय पटना-हावड़ा वंदे भारत ट्रेन तेज रफ्तार से वहां से गुजर रही थी। ट्रेन पर ध्यान नहीं जाने के कारण वे उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रेल पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें पटना रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

रेल पुलिस के एसआई वीरेंद्र प्रसाद ने बताया, “प्रथम दृष्टया यह हादसा लापरवाही के कारण हुआ प्रतीत होता है। संभव है कि यात्री ने ट्रेन पर ध्यान नहीं दिया, जिसके चलते यह घटना हुई।”

इस घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे प्लेटफॉर्म से नीचे उतरकर ट्रैक पार करने या किसी भी तरह की लापरवाही न करें, क्योंकि इससे गंभीर हादसे हो सकते हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts