क्रांइमदेश

पाकुड़ में वंदे भारत की चपेट में आया परिवार, पति-पत्नी और मासूम की मौके पर मौत

झारखंड के पाकुड़ जिले में एक हृदयविदारक रेल हादसा सामने आया है। नगरनवी रेलवे स्टेशन के पास डाउन लाइन पर तेज रफ्तार वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई। मृतकों में एक पुरुष, एक महिला और एक छोटा बच्चा शामिल है।

जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना रात करीब 7:10 बजे हुई, जब ट्रेन अपनी गति से गुजर रही थी। तभी तीनों इसकी चपेट में आ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

मौके पर पहुंची पुलिस, पहचान की कोशिश जारी

सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की टीम घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर लोगों को ट्रैक से दूर रखा गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के गांवों के मुखिया, और पंचायत प्रतिनिधियों से संपर्क कर परिजनों का पता लगाने में जुटी है।

ट्रैक पार करते समय हुआ हादसा?

स्थानीय लोगों के अनुसार, आशंका है कि तीनों रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक आई तेज रफ्तार ट्रेन का अंदाजा नहीं लग पाने से वे उसकी चपेट में आ गए। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

क्या बोले अधिकारी?

आरपीएफ प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि,
‘वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हुई है। फिलहाल शवों की पहचान की प्रक्रिया चल रही है। पोस्टमार्टम के बाद और शिनाख्त होने पर ही शवों को परिजनों को सौंपा जाएगा। हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि वे कहाँ के रहने वाले थे और किन परिस्थितियों में ट्रैक पर मौजूद थे।’

पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और शिनाख्त के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts