चंडीगढ़ के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ऑफिस पर ग्रेनेड हमले के मामले में पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस विंग और चंडीगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. एक हाई-प्रोफाइल जॉइंट ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने इस हमले की साजिश रचने और हथियारों की सप्लाई करने वाले 5 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि यह हमला कोई सामान्य अपराध नहीं था, बल्कि इसके पीछे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI का हाथ था.
विदेशी धरती से रची गई साजिश
जांच में खुलासा हुआ है कि इस मॉड्यूल को पुर्तगाल और जर्मनी में बैठे विदेशी हैंडलर्स नियंत्रित कर रहे थे. गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने स्वीकार किया है कि उन्हें विदेशों से निर्देश मिल रहे थे. आतंकियों ने इस हमले के लिए कट-आउट और सब-मॉड्यूल नेटवर्क का इस्तेमाल किया था ताकि पकड़े जाने पर मुख्य साजिशकर्ता तक न पहुंचा जा सके.
पुलिस ने जिन पांच लोगों को दबोचा है, उनकी पहचान इस प्रकार है:
बलविंदर लाल उर्फ शम्मी (मजारी, SBS नगर)
जसवीर सिंह उर्फ जस्सी (भारापुर, SBS नगर)
चरणजीत सिंह उर्फ चन्नी (सुजावलपुर, SBS नगर)
रूबल चौहान (शिमला, हिमाचल प्रदेश)
मदीप उर्फ अभिजोत शर्मा (धुरी, संगरूर)
हथियारों का जखीरा, पिस्टल बरामद
आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने एक हैंड ग्रेनेड, एक .30 बोर की जिगाना पिस्टल (जो अपनी मारक क्षमता के लिए कुख्यात है) और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. जांच में सामने आया है कि इन हथियारों की खेप को कई हाथों से घुमाकर आरोपियों तक पहुंचाया गया था ताकि पुलिस की नजरों से बचा जा सके. पुर्तगाल में बैठे हैंडलर ने पूरी लॉजिस्टिक्स और डिलीवरी का तालमेल बिठाया था.
हमलावरों की पहचान उजागर
एआईजी स्टेट स्पेशल ऑपरेशन्स सेल (SSOC) दीपक पारीक ने बताया कि घटना को अंजाम देने वाले दो मुख्य हमलावरों की भी पहचान कर ली गई है. हालांकि वे फिलहाल फरार हैं, लेकिन पुलिस की कई टीमें उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं. आरोपियों के खिलाफ SSOC मोहाली में आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है.
इस कार्रवाई ने न केवल चंडीगढ़ हमले की गुत्थी सुलझाई है, बल्कि आने वाले समय में होने वाली कई संभावित आतंकी वारदातों को भी समय रहते नाकाम कर दिया है. पंजाब पुलिस ने दोहराया है कि वे राज्य की सुरक्षा और सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने वाली किसी भी विदेशी या स्थानीय ताकत से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद हैं.




