मनोरंजन

नोरा फतेही के ‘सरके चुनर तेरी’ गाने पर मचा बवाल, अश्लील लिरिक्स को लेकर उठी बैन की मांग

नोरा फतेही अपने डांस के लिए जानी जाती हैं और उनके गाने अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। हाल ही में उनका नया गाना ‘सरके चुनर तेरी’ रिलीज हुआ, लेकिन इस बार यह गाना तारीफ से ज्यादा विवादों में घिर गया है।

यह गाना फिल्म ‘केडी: द डेविल’ का हिस्सा है। रिलीज होते ही इसके बोलों को लेकर सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई। कई यूजर्स का कहना है कि गाने के लिरिक्स बेहद अश्लील हैं और इसे परिवार के साथ देखना या सुनना मुश्किल है।

वायरल क्लिप से बढ़ा विवाद
इस गाने में नोरा फतेही के साथ संजय दत्त भी नजर आ रहे हैं। 15 मार्च को रिलीज हुए इस गाने का क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया।

अरमान मलिक ने भी जताई नाराजगी
गाने के लिरिक्स को लेकर सिंगर अरमान मलिक ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, “ये गाना मेरी टाइमलाइन पर दिखा और मैंने इसे रीप्ले किया, सिर्फ ये सुनिश्चित करने के लिए कि क्या मैं सही सुना या नहीं. दुख की बात है कि कमर्शियल सॉन्ग राइटिंग का स्तर इतना गिर गया है.”

गाने में नोरा फतेही लहंगा-चोली में नजर आ रही हैं जिसमें उन्हें काफी पसंद किया गया। लेकिन, गाने के अश्लील बोल ने लोगों को नाराज कर दिया है। इस गाने को मंगली ने गाया है, जबकि इसके बोल रकीब आलम ने लिखे हैं और म्यूजिक अर्जुन जन्या ने दिया है।

सेंसर बोर्ड पर भी उठे सवाल
नेशनल ह्यूमर राइट्स कमीशन के सदस्य प्रियांक कानूनगो ने भी इस गाने पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, “कौन सभ्य परिवार साथ बैठकर ये देख सकता है? बॉलीवुड में नैतिकता की अपेक्षा तो है ही नहीं परंतु सेंसर बोर्ड द्वारा अश्लीलता को लाइसेंस देना शर्मनाक है. ये मानसिक रोगी अपनी मनोविकृतियों से पीढ़ीयों को बर्बाद कर रहे हैं. हम इस गंदगी को समाज में फैलने नहीं देंगे, कार्यवाही हेतु नोटिस जारी कर रहे हैं.”

सोशल मीडिया पर बैन की मांग
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने भी इस गाने पर नाराजगी जताई है। एक यूजर ने लिखा, “क्या भारत में कोई सेंसर बोर्ड भी है? ऐसे अश्लील, डबल मीनिंग वाले गाने मेनस्ट्रीम में कैसे आ जाते हैं.” वहीं दूसरे यूजर ने कहा, “ये गाना टेम्पो, बसों, दुकानों और हर सार्वजनिक स्थान पर बजाया जाएगा. सोचिए कितनी लड़कियां और महिलाएं इससे असहज महसूस करेंगी. इसे फौरन बैन किया जाना चाहिए.”

विवाद बढ़ने के बाद यूट्यूब पर इस गाने को प्राइवेट कर दिया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts