नेपाल के धादिंग जिले में सोमवार (23 फरवरी) तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। पोखरा से काठमांडू जा रही यात्रियों से भरी बस त्रिशूली नदी में गिर गई, जिसमें 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में दो विदेशी नागरिक—एक पुरुष और एक महिला—भी शामिल हैं, हालांकि वे किस देश से हैं, इसको लेकर अभी तक जानकारी नहीं मिली है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसा रात करीब 1:15 बजे हुआ। बस धादिंग जिले के बेनिघाट रोरांग इलाके से गुजर रही थी। बताया जा रहा है कि बस चालक ने किसी कारणवश वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे बस नदी में जा गिरी। दुर्घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है।
शुरुआत में पुलिस ने 17 शव बरामद किए थे, लेकिन बाद में एक गंभीर रूप से घायल यात्री ने भी दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 18 हो गई। लगभग 25 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका उपचार जारी है।
डिस्ट्रिक्ट ट्रैफिक पुलिस ऑफिस, धादिंग के चीफ शिशिर थापा ने कहा कि मरने वालों की संख्या 18 हो गई है। हाईवे रेस्क्यू मैनेजमेंट कमिटी के चेयरमैन राजकुमार ठाकुरी ने बताया कि रात का समय होने के कारण बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आईं। राहत अभियान में नेपाली सेना, सशस्त्र पुलिस बल, नेपाल पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर सभी यात्रियों को बाहर निकाला।
बता दें, नेपाल में इससे पहले भी कई बार हादसे हो चुके हैं।





