छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना नारायणपुर–ओरछा मुख्य मार्ग पर ग्राम झारा घाटी के पास हुई, जहां सवारियों से भरी एक पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
मिली जानकारी के अनुसार पिकअप में 30 से ज्यादा लोग सवार थे। वाहन पलटने से मौके पर ही दो महिलाओं और एक पुरुष की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही 108 संजीवनी एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल नारायणपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि जिस पिकअप वाहन में हादसा हुआ, उसका इस्तेमाल यात्रियों को ले जाने के लिए किया जा रहा था, जबकि इस तरह के वाहनों में सवारी ढोना नियमों के खिलाफ है। इसके बावजूद कई जगहों पर पिकअप वाहनों में यात्रियों को बैठाकर ले जाया जाता है, जिससे हादसों का खतरा बढ़ जाता है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।





