मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में एक बड़ा हादसा टल गया, जब बारात से लौट रही एक XUV 700 कार में अचानक आग लग गई। गाड़ी में सवार दूल्हा-दुल्हन समेत कुल सात लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।
घटना लालपुर थाना क्षेत्र के बंधवा पुल के पास की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, बेमेतरा जिले के खाती गांव से बारात मुंगेली के मोहतरा गांव आई थी, जहां शादी समारोह संपन्न हुआ। विदाई के बाद दूल्हा-दुल्हन समेत सभी लोग कार से वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान रास्ते में ड्राइवर को गाड़ी से धुआं निकलता नजर आया। उसने तुरंत वाहन रोककर स्थिति जांची, लेकिन देखते ही देखते आग तेजी से फैलने लगी। कुछ ही पलों में कार के अंदर धुआं भर गया, जिससे कुछ भी दिखाई देना बंद हो गया।
हालात को भांपते हुए सभी लोग तुरंत कार से बाहर निकल गए। इसके बाद वाहन ने भीषण आग पकड़ ली और कुछ ही देर में पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।





