लोरमी। महुआ बीनने का सीजन शुरू होते ही जंगलों में ग्रामीणों की आवाजाही बढ़ गई है और इसी दौरान भालू के हमलों की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। ताजा मामला मुंगेली जिले के लोरमी का है, जहां दो ग्रामीण जंगल में महुआ बीनने गए थे और अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया। इस हमले में दोनों घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल मुंगेली रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, चेचानडीह गांव के रहने वाले गेंदराम और बिसाहू यादव सुबह महुआ बीनने के लिए भारतपुर जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान महुआ बीनते समय अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया। जिसके बाद दोनों घायल ग्रामीणों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, बाद में गंभीर रूप से घायल गेंदराम का मुंगेली रेफर किया गया।
वन विभाग के लोरमी अधिकारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही विभाग की टीम अस्पताल पहुंची और घायलों को शासन के नियमानुसार सहायता राशि उपलब्ध कराई जा रही है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल में अकेले न जाएं और सतर्क रहें।





