भोपाल। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के नतीजे अप्रैल के दूसरे सप्ताह में घोषित होने की संभावना है। स्कूल शिक्षा विभाग ने रिजल्ट समय पर जारी करने के लिए मूल्यांकन प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए हैं।
इस साल दोनों कक्षाओं की परीक्षाओं में करीब 16 लाख छात्रों ने हिस्सा लिया है। उत्तर पुस्तिकाओं की जांच तेजी से चल रही है और इस काम में लगभग 20 हजार शिक्षक जुटे हुए हैं।
विभाग के अधिकारियों ने सभी मूल्यांकन केंद्रों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि निर्धारित समय में परिणाम जारी किए जा सकें। मूल्यांकन अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है और साथ ही रिजल्ट तैयार करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
दो विषयों में असफल होने वाले छात्रों को राहत दी जाएगी। ऐसे विद्यार्थियों को जून में दोबारा परीक्षा देने का अवसर मिलेगा, जिससे उनका पूरा साल खराब नहीं होगा। विभाग ने छात्रों को सलाह दी है कि रिजल्ट आने के बाद वे आगे की तैयारी तुरंत शुरू करें।
स्कूल शिक्षा विभाग का प्रयास है कि इस बार परिणाम पिछले वर्षों की तुलना में पहले जारी किए जाएं, ताकि छात्रों को आगे की पढ़ाई और करियर की योजना बनाने के लिए पर्याप्त समय मिल सके।





