छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्थित जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में सोमवार को अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने तेज रूप ले लिया और परिसर में लंबे समय से खड़ी कई कंडम एंबुलेंस और अन्य वाहन इसकी चपेट में आकर जलकर खाक हो गए।
आग लगने की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। मौके पर मरीजों के परिजन, अस्पताल कर्मचारी और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। आग की तेज लपटें और धुआं दूर से ही नजर आ रहा था, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल परिसर में काफी समय से पुराने और खराब वाहन समेत अन्य कबाड़ पड़ा हुआ था। कई बार इसे हटाने की मांग भी की गई थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं होने के कारण ऐसी घटना होने की आशंका बनी हुई थी।
घटना को लेकर जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल के डीन डॉ. केके सहारे ने बताया कि परिसर में खड़े कंडम वाहनों में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, हालांकि कई वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए हैं। प्रशासन अब आग लगने की वजहों का पता लगाने में जुटा हुआ है।





