भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग ने आज पूरे प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के 30 जिलों में बारिश, गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
अलर्ट में शामिल जिलों में भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, नीमच, मंदसौर, रतलाम, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, बड़वानी, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, देवास और शाजापुर शामिल हैं। इसके साथ ही निमाड़ क्षेत्र (धार, बड़वानी और झाबुआ) में ओले गिरने की भी आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में यह अस्थिर मौसम 5 अप्रैल तक बना रह सकता है। पिछले 72 घंटों से कई हिस्सों में तेज हवा, गरज-चमक और बारिश का दौर जारी है। बुधवार को भी आधे से ज्यादा क्षेत्रों में बादल छाए रहे और कई स्थानों पर बारिश दर्ज की गई।
आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।





