मध्यप्रदेश

खेत में काम कर रहे बुजुर्ग किसान पर मधुमक्खियों का हमला, बचने नदी में कूदे; हालत नाजुक

मऊगंज। मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में एक बुजुर्ग किसान पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। घटना के समय किसान खेत में काम कर रहा था। हमले से बचने के लिए उसने पास की नदी में छलांग लगा दी, लेकिन तब तक वह बुरी तरह घायल हो चुका था। फिलहाल किसान की हालत गंभीर बनी हुई है और अस्पताल में उसका इलाज जारी है। मामला नईगढ़ी थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, मौलिया गांव निवासी 60 वर्षीय किसान बाल्मीकि गोस्वामी सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे अपने खेत में सरसों और गेहूं की कटाई कर रहे थे। इसी दौरान पास में आम के पेड़ पर बने छत्ते से मधुमक्खियों का झुंड निकलकर उन पर टूट पड़ा।

अचानक हुए हमले से घबराकर किसान ने अपनी जान बचाने के लिए नजदीकी नदी में कूद गया। हालांकि, तब तक मधुमक्खियों के डंक से वे गंभीर रूप से घायल हो चुके थे और बेहोश हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

किसान के पुत्र विकेश गोस्वामी ने बताया कि “हमला अचानक हुआ, जिससे उनके पिता की हालत गंभीर हो गई।” वहीं बीएमओ डॉ. आरके पाठक के अनुसार, “घायल वृद्ध का इलाज अस्पताल में जारी है। फिलहाल किसान की स्थिति नाजुक बनी हुई है।”

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts