देशभर में एलपीजी सिलेंडर को लेकर बढ़ती मांग और अफवाहों के बीच केंद्र सरकार ने साफ किया है कि फिलहाल देश में गैस की कोई कमी नहीं है। सरकार के मुताबिक सभी गैस एजेंसियों और डीलरों के पास पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।
दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव (मार्केटिंग और ऑयल रिफाइनरी) सुजाता शर्मा ने लोगों से पैनिक बुकिंग से बचने की अपील की। उन्होंने कहा, ‘हमारी सभी रिफाइनरियां 100 प्रतिशत या उससे अधिक क्षमता पर काम कर रही हैं. कच्चे तेल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और सप्लाई में किसी तरह की रुकावट नहीं है.’
उन्होंने यह भी बताया कि देशभर के करीब एक लाख पेट्रोल पंपों से कहीं भी ‘ड्राई आउट’ जैसी स्थिति की कोई सूचना नहीं मिली है। इसके अलावा घरेलू उपभोक्ताओं के लिए पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) और वाहनों के लिए सीएनजी की सप्लाई भी बिना किसी कटौती के जारी है।
एलपीजी आयात को लेकर चिंता
एलपीजी को लेकर एक चिंता यह भी है कि भारत की करीब 90 प्रतिशत गैस आयात स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के रास्ते होती है। अंतरराष्ट्रीय हालात को देखते हुए इस मार्ग के प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। लेकिन सुजाता शर्मा ने कहा कि इसके बावजूद देश में गैस आपूर्ति पर कोई तात्कालिक संकट नहीं है।
इस संबंध में सुजाता शर्मा ने कहा, ‘देश के 25 हजार एलपीजी वितरकों में से किसी ने भी गैस खत्म होने की रिपोर्ट नहीं दी है. इसलिए लोगों को अफवाहों पर भरोसा नहीं करना चाहिए और अनावश्यक बुकिंग से बचना चाहिए.’
अफवाहों के कारण बढ़ी बुकिंग
तेल मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक हाल के दिनों में एलपीजी बुकिंग में अचानक बढ़ोतरी देखी गई है। जहां सामान्य परिस्थितियों में औसतन 55.7 लाख बुकिंग होती थीं, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 75.7 लाख तक पहुंच गई है। अधिकारियों का मानना है कि यह पैनिक बुकिंग का परिणाम है, जो आपूर्ति प्रणाली पर अतिरिक्त दबाव डाल सकती है।
वैकल्पिक ईंधन की भी तैयारी
सरकार ने वैकल्पिक ईंधन विकल्पों को भी सक्रिय करने के निर्देश दिए हैं। राज्यों को अतिरिक्त 48 हजार किलोलीटर केरोसिन आवंटित किया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर इसका इसका वितरण सुनिश्चित किया जा सके। इसके अलावा कोल इंडिया को छोटे और मध्यम उपभोक्ताओं के लिए कोयले की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पीएनजी अपनाने की अपील
व्यावसायिक उपभोक्ताओं के लिए सरकार ने विशेष अपील जारी की है। सुजाता शर्मा ने कहा कि बड़े शहरों में होटल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान, जो एलपीजी पर निर्भर हैं, उन्हें स्थानीय सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क से संपर्क कर पीएनजी कनेक्शन लेने पर विचार करना चाहिए, जिससे घरेलू एलपीजी पर दबाव कम किया जा सके।
जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्ती
इस बीच पेट्रोलियम मंत्रालय और उपभोक्ता मामलों के विभाग ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के अधिकारियों के साथ बैठक कर ईंधन आपूर्ति की समीक्षा की है। राज्यों को जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार ने एक बार फिर लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से दूर रहें और जरूरत के मुताबिक ही गैस बुक करें। मंत्रालय का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। और देश में ईंधन की आपूर्ति को लेकर किसी तरह की घबराहट की जरूरत नहीं है।





