देश

कोलकाता में 5.4 तीव्रता का भूकंप, दहशत में घरों से बाहर निकले लोग

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में शुक्रवार दोपहर तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे शहर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दोपहर करीब 1:20 बजे आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.4 आंकी गई है।

प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार भूकंप का केंद्र बांग्लादेश के खुलना डिवीजन के सतखीरा क्षेत्र में बताया जा रहा है। यूरोपियन मेडिटेरियन सीस्मोलॉजिकल सेंटर (EMSC) के मुताबिक भूकंप की गहराई लगभग 35 किलोमीटर थी।

झटके इतने तेज थे कि साल्ट लेक, कालीघाट और अन्य इलाकों में लोग इमारतों से बाहर निकलकर सड़कों पर आ गए। कई जगहों पर फर्नीचर और घरेलू सामान हिलते दिखाई दिए। ऑफिसों में काम कर रहे कर्मचारी सीढ़ियों से उतरकर खुली जगहों की ओर भागे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ सेकंड तक जमीन और इमारतों में कंपन महसूस होता रहा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी लोगों ने इसे हाल के दिनों का सबसे तेज झटका बताया।

हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक किसी प्रकार के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts