होली से पहले खाटू श्याम मंदिर में बाबा का दरबार विशेष फूलों से सजाया गया है। इन दिनों यहां फाल्गुन का प्रसिद्ध लक्खी मेला आयोजित हो रहा है। मेले को और अधिक भव्य व आकर्षक बनाने के लिए श्री श्याम मंदिर कमेटी ने पूरे मंदिर परिसर को खास अंदाज में सजाया है। विदेशी फूलों से सजे इस दिव्य दरबार की झलक पाने के लिए लाखों श्रद्धालु उमड़ रहे हैं। मंदिर की मनमोहक सजावट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
28 फरवरी तक चलेगा मेला
फाल्गुन लक्खी मेला 21 फरवरी से शुरू होकर 28 फरवरी तक चलेगा। मेले के पहले ही दिन करीब ढाई लाख श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। और मेले के अंत तक 30 से 35 लाख भक्तों के पहुंचने की संभावना है।
“शीश के दानी” थीम पर विशेष सजावट
इस साल फाल्गुन लक्खी मेले में मंदिर को “शीश के दानी” (बर्बरीक की गाथा) पर थीम पर सजाया गया है। मेले के एंट्री गेट पर 12 ज्योतिर्लिंग की झलक प्रस्तुत की गई है। साथ ही 11 हजार डमरुओं से करीब 20 फीट ऊंचा विशाल डमरू बनाया गया है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
विदेशों से मंगवाए गए फूल
मंदिर की सजावट के लिए लिली, हाइड्रेंजिया और ऑर्किड जैसे खास फूल न्यूजीलैंड और चीन से मंगवाए गए हैं। वहीं तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और कर्नाटक से आए सफेद गुलाब, मोगरा और अन्य सुगंधित फूलों से बाबा श्याम का भव्य श्रृंगार किया गया है।
फाल्गुन मेले के दौरान पूरी खाटू नगरी रंगों और भक्ति में डूबी नजर आती है। भक्त घंटों कतार में खड़े होकर बाबा श्याम के दर्शन का इंतजार करते हैं और होली के गीतों के माध्यम से अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हैं।





