उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में आज देश की जानी-मानी कथावाचक और मोटिवेशनल स्पीकर जया किशोरी भगवान महाकाल के दर्शन करने पहुंचीं।
इस दौरान उन्होंने नंदी हॉल में बैठकर विधि-विधान से पूजन किया और बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया। इस दौरान वे बाबा महाकाल की भक्ति में लीन दिखाई दी। दर्शन के बाद कथावाचक जया किशोरी का श्री महाकालेश्वर मंदिर समिति की ओर से स्वागत किया गया।
जया किशोरी देश की प्रसिद्ध युवा कथावाचक, भजन गायिका और मोटिवेशनल स्पीकर हैं। वे कृष्ण भक्त हैं और अपनी ‘श्रीमद्भागवत कथा’ व ‘नानी बाई रो मायरो’ के लिए जानी जाती हैं।
उन्हें साल 2024 में “राष्ट्रीय क्रिएटर्स अवार्ड” से सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने मात्र 9 साल की उम्र में ‘लिंगाष्टकम’ और ‘शिव तांडव स्तोत्रम’ जैसे संस्कृत स्तोत्रों का पाठ शुरू कर दिया था। उनके गुरु पंडित गोविंद राम मिश्र ने उन्हें ‘किशोरी’ की उपाधि दी।
आज के समय में जया किशोरी अपनी सुरीली आवाज और भक्ति कथाओं के कारण सोशल मीडिया पर भी काफी लोकप्रिय हैं।





