बीसीसीआई ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के पहले चरण के मैचों का शेड्यूल जारी कर दिया है। जारी कार्यक्रम के अनुसार टूर्नामेंट का पहला मुकाबला 28 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। यह मैच बेंगलुरू के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आयोजित होगा। फिलहाल बोर्ड ने शुरुआती 20 मैचों की तारीखों और स्थानों की घोषणा की है, जबकि बाकी मुकाबलों का शेड्यूल बाद में जारी किया जाएगा।
बीसीसीआई के मुताबिक तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और असम में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों को ध्यान में रखते हुए आगे के कार्यक्रम पर फैसला लिया जाएगा।
दूसरी ओर, चेन्नई सुपर किंग्स, लखनऊ सुपर जायंट्स समेत कई टीमों ने टूर्नामेंट की तैयारियां तेज कर दी हैं। खिलाड़ी ट्रेनिंग कैंप में अभ्यास कर रहे हैं। पिछले सीजन की विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू इस बार बतौर डिफेंडिंग चैंपियन मैदान में उतरेगी और उसका पहला मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद से होगा।
10 शहरों में होंगे शुरुआती मैच
पहले चरण में कुल 20 मुकाबले 10 अलग-अलग मैदानों पर खेले जाएंगे। इन शहरों में बेंगलुरू, मुंबई, गुवाहाटी, न्यू चंडीगढ़, लखनऊ, कोलकाता, चेन्नई, दिल्ली, अहमदाबाद और हैदराबाद शामिल हैं।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू अपने पांच घरेलू मुकाबले एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलेगी, जबकि दो होम मैच रायपुर में आयोजित होंगे। हालांकि बेंगलुरू में मैच कराने को लेकर स्थिति पूरी तरह साफ नहीं है। पिछले साल RCB की जीत के बाद स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई थी, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई थी। ऐसे में यहां मैच कराने के लिए कर्नाटक सरकार की ओर से गठित एक्सपर्ट कमिटी की मंजूरी जरूरी होगी।





