आईपीएल 2026 में आज एक अहम मुकाबला खेला जाएगा, जिसमें कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जायंट्स की टीमें आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान में खेला जाएगा और इस सीजन का 15वां मैच होगा।
कोलकाता की टीम इस सीजन में अब तक जीत हासिल नहीं कर सकी है। टीम ने तीन मुकाबले खेले हैं, जिसमें दो में हार मिली है, जबकि एक मैच बारिश के कारण रद्द हो गया। वहीं लखनऊ की टीम अब तक दो मैच खेल चुकी है, जिसमें उसे एक में जीत और एक में हार का सामना करना पड़ा है। पिछला मैच जीतने के बाद लखनऊ का आत्मविश्वास बढ़ा हुआ है।
हेड टू हेड रिकॉर्ड
दोनों टीमों के बीच आईपीएल में अब तक 6 मुकाबले हुए हैं। इनमें लखनऊ सुपर जायंट्स ने 4 मैच जीते हैं, जबकि कोलकाता नाइट राइडर्स को 2 जीत मिली हैं।
ईडन गार्डन्स में दोनों टीमें 3 बार भिड़ी हैं, जहां लखनऊ 2-1 से आगे है।
पिच रिपोर्ट
ईडन गार्डन्स की पिच बल्लेबाजों के लिए फायदेमंद मानी जाती है। पिछले कुछ दिनों में यहां बारिश हुई थी, लेकिन आज मैच के समय आसमान के साफ रहने की उम्मीद है। नई गेंद से यहां तेज गेंदबाजों को अच्छा बाउंस मिलता है, लेकिन पुरानी गेंद बल्ले पर अच्छे से आती है। टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का फैसला ले सकती है, क्योंकि यहां रन चेज ज्यादा देखे जाते हैं।





