क्रांइममध्यप्रदेश

इंदौर: EV चार्जिंग में धमाका, आग ने ली विकराल रूप! सिलेंडर फटने से 7 लोगों की दर्दनाक मौत

मध्य प्रदेश के इंदौर के ब्रजेश्वरी एनेक्स कॉलोनी में बुधवार (18 मार्च) को एक घर में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। हादसे के वक्त घर में परिवार के सदस्य और कुछ मेहमान सो रहे थे। आग इतनी तेजी से फैली कि कई लोग बाहर नहीं निकल पाए और अंदर ही फंस गए।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और बचाव दल मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दर्दनाक हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि कुछ लोग किसी तरह जान बचाकर बाहर निकलने में सफल रहे।

चार्जिंग पॉइंट में ब्लास्ट से शुरू हुई आग

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घर के बाहर खड़े इलेक्ट्रिक वाहन को चार्ज किया जा रहा था। इसी दौरान चार्जिंग पॉइंट में विस्फोट हो गया, जिससे आग लग गई और देखते ही देखते पूरे घर में फैल गई।

इंदौर के पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने बताया, “शुरुआती जांच के अनुसार, घर के बाहर इलेक्ट्रिक वाहन चार्ज किया जा रहा था और चार्जिंग पॉइंट में विस्फोट हो गया। इसके बाद आग वाहन से घर में फैल गई। घर के अंदर 10 से अधिक गैस टैंक भी रखे थे, जिनमें से कुछ में विस्फोट हो गया।”

घर में रखे सिलेंडरों ने बढ़ाई तबाही

बताया जा रहा है कि घर के अंदर 10 से ज्यादा गैस सिलेंडर रखे हुए थे। आग लगने के बाद इनमें से कई सिलेंडर फट गए, जिससे आग और भड़क गई और नुकसान कई गुना बढ़ गया।

फायर ब्रिगेड अधिकारी सुशील कुमार दुबे के अनुसार, यह मकान मनोज पुगलिया का था, जहां उनका परिवार रहता था। आग लगते ही कुछ लोग ग्रिल तोड़कर बाहर निकल गए, लेकिन मेहमान और रिश्तेदार बाहर नहीं निकल सके।

उन्होंने बताया, “नतीजतन, इमारत से सात शव बरामद किए गए। NDRF टीम, फायर ब्रिगेड और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने बचाव अभियान चलाया और शवों को निकालने के लिए मिलकर काम किया।”

सुबह 4 बजे हुआ हादसा

सहायक पुलिस आयुक्त कुंदन मंडलोई ने बताया कि यह हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ।

उन्होंने कहा, “बचाव अभियान पूरा हो चुका है। आग पर काबू पा लिया गया है।”

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts