टी20 वर्ल्ड कप 2026 में लीग चरण के सभी चार मुकाबले जीतकर सुपर-8 में पहुंची टीम इंडिया को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बड़े मैच से पहले झटका लगा है। रविवार, 22 फरवरी को होने वाले इस अहम मुकाबले से पहले तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज अभ्यास सत्र के दौरान चोटिल हो गए।
रिपोर्ट्स के मुताबिक शुक्रवार शाम को अभ्यास के दौरान हार्दिक पांड्या के शॉट से मोहम्मद सिराज के बांए पैर के घुटने में चोट लग गई। इसके बाद वह लंगड़ाते हुए अभ्यास छोड़कर चले गए।
सिराज ने टूर्नामेंट के पहले मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन विकेट झटके थे। हालांकि बाद में जसप्रीत बुमराह की वापसी के बाद उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर बैठना पड़ा था। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।
सुपर-8 में अक्षर की वापसी संभव
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ प्लेइंग इलेवन में बदलाव की संभावना जताई जा रही है। लीग चरण के आखिरी मैच में उपकप्तान अक्षर पटेल को आराम दिया गया था और उनकी जगह वॉशिंगटन सुंदर को मौका मिला था। अब सुपर-8 में अक्षर की वापसी तय मानी जा रही है, क्योंकि वह गेंद और बल्ले दोनों में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में गेंदबाजी कोच मोर्कल ने वरुण चक्रवर्ती की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अब तक टूर्नामेंट में अहम भूमिका निभाई है और टीम के लिए विकेट लेने वाले महत्वपूर्ण गेंदबाज हैं।
संभावित प्लेइंग 11
अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।





