क्रांइमदेश

हिमाचल में दर्दनाक हादसा: पंडोह डैम के पास बस-कार की टक्कर, दो की मौत, 2 घायल

मंडी। छोटी काशी के नाम से प्रसिद्ध मंडी में गुरुवार सुबह पंडोह डैम के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मंडी-कुल्लू नेशनल हाईवे पर एक निजी बस और कार के बीच आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। जानकारी के अनुसार बस (HP 65 BP 544) मंडी से कुल्लू जा रही थी, जबकि कार (HP 28 B 2541) कुल्लू से मंडी की ओर आ रही थी। पंडोह डैम के पास पहुंचते ही दोनों वाहन आमने-सामने टकरा गए। घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

इस हादसे में 23 वर्षीय शशांक शर्मा निवासी बलद्वाड़ा, जिला मंडी और 22 वर्षीय गायत्री देवी निवासी मंडी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 21 वर्षीय कश्मीर सिंह निवासी बल्ह, जिला मंडी और 21 वर्षीय दीक्षा चौहान निवासी बंगाणा, जिला ऊना गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य चलाया और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दौरान कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि समय पर एंबुलेंस मिल जाती तो एक व्यक्ति की जान बचाई जा सकती थी, जिसको लेकर एंबुलेंस चालक से बहस भी हुई।

हादसे के कारणों की जांच जारी है। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है. पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts