क्रांइमछत्तीसगढ़

हार खरीदने के बहाने ज्वेलरी शॉप में चोरी, दुर्ग से महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार

रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र के एक ज्वेलरी दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले महिला सहित दो आरोपियों को पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 12 मार्च 2026 को देवपुरी स्थित एक ज्वेलरी दुकान के संचालक ने टिकरापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि दोपहर करीब 3:30 बजे एक महिला और एक युवक दुकान में सोने का रानी हार खरीदने के बहाने पहुंचे। उस समय दुकान में संचालक का बेटा भी मौजूद था।

जेवर देखने के दौरान महिला ने चुपके से सोने का रानी हार, सोने की चांद बाली, सोने की अंगूठी, चांदी की पायल और चांदी की बिछिया पहन ली। इसके बाद उसने बहाना बनाया कि उसकी सहेली बैंक से पैसे लेकर आ रही है और वह भी एक हार खरीदेगी। कुछ देर बाद महिला फोन पर बात करते हुए दुकान से बाहर निकली और सहेली को बुलाने की बात कहकर वहां से फरार हो गई।

काफी देर तक महिला के वापस न लौटने पर उसके साथ आए युवक से पूछताछ की गई। युवक ने अपना नाम मेषराम साहू और महिला का नाम कमलेश्वरी साहू बताया। पूछताछ के दौरान युवक भी मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन उसे पकड़ लिया गया। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त संदीप पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटिल के निर्देश पर टीम ने तुरंत कार्रवाई की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार महिला का पता लगाया। बाद में दुर्ग शहर से महिला आरोपी को चोरी किए गए जेवरों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपियों के कब्जे से सोने का रानी हार, सोने की चांद बाली की एक जोड़ी, सोने की अंगूठी, चांदी की पायल की एक जोड़ी, चांदी की बिछिया की तीन जोड़ी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 5.33 लाख रुपये बताई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमलेश्वरी साहू (35 वर्ष), निवासी ग्राम चांपा जिला जांजगीर-चांपा और मेषराम साहू (21 वर्ष), निवासी ग्राम बिरोदा थाना अभनपुर जिला रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार महिला आरोपी मेषराम के दोस्त की भाभी है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। और उनसे अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts