खेल

रोहित-विराट विवाद पर गौतम गंभीर ने तोड़ी चुप्पी, कहा- ‘पिछले 18 महीनों में मुझसे भी हुई होंगी गलतियां’

भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने टीम के सीनियर खिलाड़ियों रोहित शर्मा और विराट कोहली के साथ रिश्तों को लेकर चल रही चर्चाओं पर पहली बार खुलकर बात की है। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद कोच और वरिष्ठ खिलाड़ियों के बीच मतभेद की खबरें सामने आ रही थीं, जिस पर अब गंभीर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।

गंभीर का बड़ा बयान
जब गंभीर से रोहित और विराट के साथ कथित विवाद को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “मैं एक इंसान हूं और मुझे भी दूसरों की तरह गलतियां करने की अनुमति दी जानी चाहिए। खिलाड़ियों से गलतियां होती हैं, और शायद पिछले 18 महीनों में मुझसे भी हुई हों। मैं इससे कभी पीछे नहीं हटा, लेकिन मेरा मानना है कि सही नीयत के साथ लिया गया गलत फैसला स्वीकार्य है, पर गलत नीयत के साथ लिया गया फैसला बिल्कुल नहीं।”

ड्रेसिंग रूम में ईमानदारी सबसे अहम
सोशल मीडिया पर चल रही ट्रोलिंग और रिपोर्ट्स को लेकर गंभीर ने कहा कि उनके लिए ड्रेसिंग रूम के भीतर पारदर्शिता और ईमानदारी सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, “जब तक मैं ईमानदारी के साथ काम कर रहा हूं और ड्रेसिंग रूम में मौजूद हर व्यक्ति, चाहे वो मसाजर हो या असिस्टेंट कोच, उनके प्रति ईमानदार हूँ, तब तक मुझे लगता है कि मैं अपने पद के साथ न्याय कर रहा हूं।”

गौरतलब है कि इंग्लैंड सीरीज से ठीक पहले गंभीर के कार्यकाल के पहले साल में ही दोनों दिग्गजों ने टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया था।

संजू सैमसन की वापसी पर भी बोले
गंभीर ने टी20 वर्ल्ड कप अभियान के दौरान संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन में वापस लाने के फैसले पर भी चर्चा की। उन्होंने उन चर्चाओं को खारिज कर दिया कि यह फैसला शीर्ष क्रम के तीन बाएं हाथ के बल्लेबाजों के क्रम को तोड़ने के लिए था।

गंभीर ने कहा, “हमारा विचार केवल विस्फोटक होना था। पिछले डेढ़ साल से हमारी विचारधारा यही रही है कि मैदान पर जाकर जितना हो सके उतना आक्रामक क्रिकेट खेलें।”

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts