आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई कर रही है और कई रिकॉर्ड बना रही है, लेकिन इसी फिल्म में नजर आए एक ऑटो ड्राइवर अब तक खुद यह फिल्म नहीं देख पाए हैं। वजह है महंगे टिकट, जिसने उनकी आर्थिक स्थिति के चलते उनके लिए फिल्म देखना मुश्किल बना दिया है।
फिल्म के आखिरी सीन में यही ऑटो ड्राइवर कुछ मिनटों के लिए दिखाई देता है, जिसमें जसकीरत सिंह रंगी (रणवीर सिंह) उसके ऑटो से अपने घर पहुंचता है। दर्शकों ने इस छोटे से रोल को भी खासा नोटिस किया।
जब ऑटो ड्राइवर से पूछा गया कि क्या उन्होंने फिल्म देखी, तो उन्होंने कहा, “मैंने अभी तक फिल्म नहीं देखी है। टिकट 500 रुपये का है और फिल्म बस अभी रिलीज ही हुई है, जैसा कि आपको पता है, इसलिए मैं अभी नहीं देख पाया हूं।”
यह पूछे जाने पर कि क्या बच्चों ने फिल्म देखने की जिद की है, क्योंकि उनके पापा इसमें है, तो ऑटो ड्राइवर ने कहा, ‘हां, उन्होंने की, लेकिन मैंने उनसे कहा कि हम पांच लोग हैं और इसमें 2,500 रुपये का खर्च हो जाएंगे। 2,500 रुपये तो हम महीने भर में बचा ही लेते हैं, इसलिए मैं उन्हें फिल्म दिखाने नहीं ले गया। मैंने उनसे कहा कि हम थोड़ा इंतजार करेंगे और बाद में देखेंगे।’
ऑटो ड्राइवर की इस मजबूरी ने सोशल मीडिया पर लोगों को भावुक कर दिया है। लोग उम्मीद जता रहे हैं कि फिल्म की टीम उनकी मदद करेंगे, ताकि वह भी फिल्म बड़े पर्दे पर देख सकें।
वहीं धुरंधर 2′ की कमाई की बात करें, तो 19 मार्च को रिलीज होने के बाद अभी तक इस फिल्म ने 6 दिनों में देशभर में 570.64 करोड़ की कमाई कर ली है, जबकि वर्ल्डवाइड पांच दिनों में 844.76 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन किया। यह नॉर्थ अमेरिका में सबसे अधिक कमाई करने वाली बॉलीवुड फिल्म बन गई है। यह फिल्म विदेशों में भी शानदार कमाई कर रही है।





