नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में संभावित आतंकी खतरे को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने हाई अलर्ट जारी किया है। खुफिया इनपुट के मुताबिक आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने दिल्ली में बड़े हमले की साजिश रची है। उसके निशाने पर ऐतिहासिक लाल किला और आसपास के कई इलाके बताए जा रहे हैं। अलर्ट जारी होते ही पुलिस और अन्य एजेंसियों ने लाल किला, चांदनी चौक और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है।
सूत्रों के अनुसार, लाल किले के सामने स्थित चांदनी चौक इलाके का एक मंदिर भी संभावित निशाने पर हो सकता है। आईईडी के जरिए विस्फोट की आशंका जताई गई है, जिसके चलते क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
खुफिया एजेंसियों का कहना है कि 6 फरवरी को पाकिस्तान के इस्लामाबाद में एक मस्जिद में हुए धमाके के बाद आतंकी संगठन बदले की नीयत से भारत में बड़ी वारदात को अंजाम देने की कोशिश कर सकता है। एजेंसियां देश के प्रमुख मंदिरों को भी संभावित निशाने के तौर पर देख रही हैं। देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी एहतियातन निगरानी बढ़ा दी गई है।
गौरतलब है कि 10 नवंबर 2025 को लाल किले के पास हुए कार विस्फोट में 12 लोगों की जान चली गई थी। यह धमाका लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास विस्फोटकों से भरी कार में हुआ था, जिससे कई वाहन आग की चपेट में आ गए थे। इस मामले की जांच National Investigation Agency (एनआईए) कर रही है। हाल ही में पटियाला हाउस स्थित विशेष अदालत ने एजेंसी को जांच पूरी करने के लिए अतिरिक्त 45 दिन का समय दिया है और सात आरोपियों की न्यायिक हिरासत बढ़ा दी गई है।





