छत्तीसगढ़राजनीति

“होली पर आतंक का रहा माहौल, पुलिस की वर्दी तक फाड़ दी गई” – कानून व्यवस्था को लेकर दीपक बैज का सरकार पर हमला

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रदेश की कानून व्यवस्था और सरकार के कामकाज को लेकर तीखी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से बदहाल हो गई है। होली के दिन पूरे राज्य में आतंक का माहौल देखने को मिला।

दीपक बैज ने कहा, “प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से बदहाल हो गई है। होली के दिन पूरे राज्य में आतंक का माहौल देखने को मिला।”

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, “होली के दौरान महिलाओं के साथ अभद्रता की घटनाएं हुईं। पुलिसकर्मियों की वर्दी तक फाड़ दी गई। इन घटनाओं के पीछे शराब और नशे की बड़ी भूमिका रही है। कांग्रेस के विरोध के कारण होली के दिन शराब दुकानें बंद रहीं, अगर उस दिन शराब बिकती तो स्थिति और भी भयावह हो सकती थी।”

राज्य के गृह मंत्री पर निशाना साधते हुए दीपक बैज ने कहा, “वे कानून व्यवस्था संभालने के बजाय सोशल मीडिया पर रील बनाने में व्यस्त हैं।”

धान खरीदी को लेकर भी सरकार पर हमला

धान खरीदी केंद्रों में धान में पानी डालने के वायरल वीडियो को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि, “सरकार धान का उठाव नहीं कर रही है, जिसके कारण लाखों क्विंटल धान खरीदी केंद्रों में पड़ा हुआ है। गर्मी के कारण धान सूख रहा है। सरकार ने ऐसे नियम बना दिए हैं कि अगर धान सूख गया तो इसकी जिम्मेदारी खरीदी केंद्रों की होगी।”

उन्होंने आरोप लगाया, “अपनी जिम्मेदारी से बचने के लिए कर्मचारी मजबूरी में धान में पानी डाल रहे हैं। सरकार ने धान की पूरी व्यवस्था कर्मचारियों के भरोसे छोड़ दी है।”

बजट और वित्तीय प्रबंधन पर भी सवाल

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने राज्य सरकार के बजट पर भी तंज कसा।

उन्होंने कहा, “सरकार का ‘गति और ज्ञान’ दोनों ही फेल हो गए हैं। अभी तक मितानिनों और एनएचएम कर्मचारियों को मानदेय नहीं मिल पाया है। रसोइयों समेत कई कर्मचारी हड़ताल पर हैं, जिसके कारण होली के दौरान कई घरों में चूल्हा तक नहीं जल पाया। राज्य सरकार का वित्तीय प्रबंधन पूरी तरह से फेल हो चुका है।”

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts