छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के समोदा गांव में भाजपा नेता के फार्महाउस में अफीम की खेती का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राज्य सरकार अपराध के मामलों में सख्त कार्रवाई कर रही है और इस मामले की जांच जारी है।
मीडिया से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, “छत्तीसगढ़ में हमारी सरकार बनने के बाद से ही हर प्रकार के अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है और जांच जारी है। यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
जानकारी के मुताबिक पुलिस ने करीब 5 एकड़ 62 डिसमिल क्षेत्र में फैली अफीम की खेती का खुलासा किया है। यहां से करीब 14 लाख 30 हजार अफीम के पौधे जब्त किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 7.88 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस मामले में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार (पूर्व किसान मोर्चा अध्यक्ष, 58) विकास विश्नोई(27), मनीष ठाकुर और अचला राम जाट (28) को गिरफ्तार किया गया है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि फार्महाउस में राजस्थान से आए मजदूर काम कर रहे थे और वहां सुरक्षा के लिए बाउंसर भी तैनात किए गए थे। पुलिस इस पूरे मामले की जांच एनडीपीएस एक्ट के तहत कर रही है।
इधर इस मामले को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। रायपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने राज्य में बढ़ते नशे के कारोबार को लेकर भाजपा सरकार को घेरा और गृहमंत्री विजय शर्मा को बर्खास्त करने की मांग की।
विधानसभा बजट सत्र के शून्यकाल में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि, राजधानी से मात्र 50 किलोमीटर दूर विनायक ताम्रकार अपनी निजी भूमि पर अफीम की खेती कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे छत्तीसगढ़ को नशे से बर्बाद करने की यह कोशिश सामूहिक संरक्षण में की जा रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि एफआईआर में मुख्य आरोपी का नाम पीछे रखा गया, जिससे लीपापोती का आरोप लगता है। उन्होंने बताया कि यह घटना होली से ठीक पहले सामने आई और यह स्पष्ट करती है कि सिर्फ नशे का व्यापार नहीं, बल्कि खेती भी अब हो रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आश्वासन दिया है कि जांच पूरी निष्पक्ष और पारदर्शी होगी, और यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





