भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने गेहूं खरीदी पर 40 रुपए प्रति क्विंटल बोनस देने का ऐलान किया है। वहीं उड़द की खरीदी पर 600 रुपए देने की घोषणा भी की है। साथ ही पंजीयन तिथि भी 7 मार्च से बढ़ाकर 10 मार्च कर दिया है।
सोशल मीडिया पर दी जानकारी
सीएम डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा, “राज्य सरकार किसान कल्याण के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रही है। आज भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा में किसानों के लिए महत्वपूर्ण निर्णय किये। राज्य सरकार इस वर्ष गेहूं खरीदी पर 40 रुपए प्रति क्विंटल बोनस प्रदान करेगी। गेहूं खरीदी के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 7 मार्च से बढ़ाकर 10 मार्च की जा रही है।”
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने कहा कि उड़द खरीदी पर 600 रुपये प्रति क्विंटल के बोनस की घोषणा की गई है, किसान उड़द लगाएं, ताकि ठीक से उनको इस बोनस का लाभ मिले और अगली फसल की तैयारी भी हो जाए।
सीएम ने यह भी बताया कि, किसानों को सिंचाई के लिए दिन में बिजली प्रदान करेंगे, ताकि रात के समय बिजली से सिंचाई के कारण होने वाले संकटों से बचा सकें।





