रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच अचानक मौसम ने करवट ली है। सोमवार देर रात राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई, वहीं कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। तेज हवाएं करीब 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं, जिससे कुछ जगहों पर पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आईं और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
दिन के समय प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है, जिसके बाद स्थिति सामान्य रह सकती है।
17 मार्च को प्रदेश के कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने, गरज-चमक और वज्रपात के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं।
सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 18.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
आज का पूर्वानुमान:
मौसम विभाग का कहना है कि आज प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में तेज हवा और बिजली गिरने की भी संभावना है।
आने वाले दिनों का मौसम:
अगले दो दिनों के बाद प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने के संकेत हैं। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और वज्रपात की आशंका बनी रहेगी।
रायपुर का मौसम:
रायपुर में आज आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। अधिकतम तापमान लगभग 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
येलो अलर्ट जारी:
मौसम विभाग ने सरगुजा और बिलासपुर संभाग के जिलों के साथ राजनांदगांव, कबीरधाम, बेमेतरा, रायपुर, बलौदाबाजार, नारायणपुर और सुकमा के लिए येलो अलर्ट जारी किया था। इन क्षेत्रों में तेज हवा, गरज-चमक और आंधी की चेतावनी दी गई थी। यह चेतावनी 17 मार्च सुबह 6 बजे तक के लिए जारी की गई थी।





