छत्तीसगढ़

मार्च में चढ़ा पारा: छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी गर्मी, रायपुर में पारा 35° के पार

रायपुर। मार्च की शुरुआत के साथ ही छत्तीसगढ़ में गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की क्रमिक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद दो दिनों तक अधिकतम तापमान में खास बदलाव के संकेत नहीं हैं। वहीं अगले सात दिनों तक न्यूनतम तापमान में भी किसी बड़े उतार-चढ़ाव की संभावना नहीं जताई गई है।

पिछले 24 घंटों में पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। रायपुर में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार कोमोरिन क्षेत्र और उसके आसपास के इलाकों से लेकर विदर्भ तक फैले चक्रवाती परिसंचरण के ऊपर एक द्रोणिका गुजर रही है, यह द्रोणिका आंतरिक तमिलनाडु, आंतरिक कर्नाटक और मराठवाड़ा से होकर समुद्र तल से लगभग 0.9 किमी ऊपर स्थित है। हालांकि फिलहाल इसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर देखने को नहीं मिल रहा है।

राज्य में आज भी मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है और किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। राजधानी रायपुर में आसमान साफ रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts