रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम शुष्क बना हुआ है और अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन दिनों तक तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।
रविवार को प्रदेश का सबसे ज्यादा तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज हुआ। फिलहाल पूरे प्रदेश में कहीं भी बारिश नहीं हुई है।
सिनोप्टिक सिस्टम
मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार, “(1) एक निम्न दबाव क्षेत्र बिहार से पश्चिम बंगाल के गंगा क्षेत्र तक झारखंड के ऊपर 1.5 किमी ऊंचाई तक फैला हुआ है। (2) एक द्रोणिका/पवन असातत्य उत्तरी ओडिशा के ऊपर स्थित चक्रवाती परिसंचरण से दक्षिणी छत्तीसगढ़, तेलंगाना और आंतरिक कर्नाटक होकर दक्षिणी तमिलनाडु तक समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर तक स्थित है।”
आज का मौसम
प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही गरज-चमक, वज्रपात और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं आने वाले दो दिनों में भी कुछ जगहों पर हल्की बारिश और गरज-चमक की स्थिति बनी रह सकती है।
रायपुर का हाल
राजधानी रायपुर में आज आसमान आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ हल्की बारिश के आसार हैं। यहां अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।





