रायपुर। होली के बाद छत्तीसगढ़ में गर्मी का असर तेज होने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और आने वाले करीब एक सप्ताह तक अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। ऐसे में लोगों को अभी गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार गुरुवार को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। इस दौरान सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 38.0 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तरी ओडिशा और उससे लगे गंगा क्षेत्रीय पश्चिम बंगाल के ऊपर समुद्र तल से करीब 0.9 किमी की ऊंचाई पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके साथ ही उत्तरी उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़, दक्षिणी झारखंड होते हुए उत्तरी ओडिशा तक द्रोणिका भी बनी हुई है। हालांकि इन सिस्टमों का फिलहाल प्रदेश के मौसम पर खास असर नहीं पड़ रहा है।
आज के पूर्वानुमान के अनुसार छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क रहने की संभावना है और किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है।
राजधानी रायपुर में भी आज आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है।





