रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक रुख बदल लिया है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। आने वाले समय में गरज-चमक के साथ तेज आंधी और बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार सूरजपुर, कोरिया, पेंड्रा, कोरबा, मुंगेली, बिलासपुर, बालोद, राजनांदगांव और बेमेतरा जिलों में ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है। इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने और मध्यम से भारी बारिश की आशंका है।
वहीं चांपा, बलौदा बाजार, रायपुर, दुर्ग और धमतरी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवा चलने की संभावना बताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासतौर पर खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखने को कहा गया है। किसानों को भी अपनी फसलों और मवेशियों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम करने की हिदायत दी गई है।





