छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी गर्मी, अगले 3 दिनों में 4°C तक बढ़ेगा तापमान

रायपुर। छत्तीसगढ़ में फिलहाल मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और बारिश के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश के किसी भी हिस्से में बारिश दर्ज नहीं की गई। हालांकि अभी तापमान सामान्य से थोड़ा कम है, लेकिन आने वाले दिनों में इसमें बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।

सोमवार को राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 20.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम है। सुबह और शाम के समय हवा में नमी क्रमशः 37% और 31% रही, जबकि बादल लगभग 20% ही रहे, जिससे पूरे दिन मौसम साफ बना रहा।

प्रदेश के अन्य हिस्सों की बात करें तो राजनांदगांव सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 13.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सबसे कम रहा। इसके अलावा बिलासपुर, दुर्ग, जगदलपुर और पेंड्रारोड जैसे क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री तक कम दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अभी प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम प्रणाली नहीं है, जिससे शुष्क मौसम बना रहेगा। अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है।

राजधानी रायपुर में मंगलवार 24 मार्च को मौसम साफ रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 21 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मौसम विभाग की ओर से फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है, जिससे साफ है कि प्रदेश में मौसम सामान्य और स्थिर बना रहेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts