छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में मौसम का बदला मिज़ाज: रायपुर समेत कई इलाकों में ओलावृष्टि और अंधड़ का ऑरेंज अलर्ट, तापमान में होगी गिरावट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ ओलावृष्टि दर्ज की गई है। गुरुवार के लिए विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि कुछ स्थानों पर 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी है।

बुधवार को दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 19.2 डिग्री दर्ज किया गया। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से कम है। वहीं बिलासपुर में 33.3 डिग्री, जगदलपुर में 30.7 डिग्री और अंबिकापुर में 31.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

पिछले 24 घंटों में कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। देवभोग में 5 सेमी, करपावंद में 4 सेमी और देवकर में 2 सेमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि बिलासपुर में 8.6 मिमी बारिश हुई।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में दो प्रमुख मौसमी प्रणालियां सक्रिय हैं। मध्य प्रदेश के मध्य भाग में समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। साथ ही दक्षिण-पूर्वी राजस्थान से मध्य प्रदेश होते हुए उत्तरी छत्तीसगढ़ तक फैली द्रोणिका भी नमी ला रही है, जिससे वर्षा और ओलावृष्टि की संभावना बढ़ गई है।

आज राजधानी रायपुर में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा और कहीं-कहीं हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। तापमान में भी हल्की गिरावट देखने को मिलेगी। राहत की बात यह है कि अगले कुछ दिनों तक अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक कमी बनी रहेगी, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts