रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी का असर धीरे-धीरे तेज होता जा रहा है। प्रदेश के अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले चार दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
फिलहाल पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है। सोमवार को राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज हुआ।
मौसम विभाग ने बताया कि झारखंड, छत्तीसगढ़ और विदर्भ होते हुए बिहार से मराठवाड़ा तक लगभग 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। इसके बावजूद प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की ही संभावना है। अगले चार दिनों तक अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा बना रह सकता है।
राजधानी रायपुर की बात करें तो मंगलवार को यहां अधिकतम तापमान लगभग 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है। दिन के समय हल्की धुंध रहने के भी आसार हैं।





