छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में गैस संकट पर सीएम विष्णुदेव साय का बयान, बोले– ‘सिलेंडर की कोई कमी नहीं’, जल्द सामान्य होगी आपूर्ति

छत्तीसगढ़ में एलपीजी गैस की कमी को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्थिति को स्पष्ट किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है और जल्द ही आपूर्ति पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा, “सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। एक दो दिन में गैस की आपर्ति पूरी तरह से सामान्य हो जाएगी। लोगों को किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है। प्रदेश में गैस सिलेंडर की कोई वास्तविक कमी नहीं है। इस संबंध में फैल रही बातें पूरी तरह से अफवाह हैं।”

उन्होंने आगे बताया कि “दो जहाज ईरान से इंडिया के लिए रवाना हो चुके हैं। संभावना है कि वे एक-दो दिनों में पहुंच जाएंगे। इसके बाद आपूर्ति पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।” साथ ही उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि सरकार किसी भी परिस्थिति में जनता को परेशान नहीं होने देगी और यदि कहीं थोड़ी बहुत कमी दिखती है तो उसे जल्द दूर कर लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने इस मुद्दे को लेकर विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, “विपक्ष के कुछ लोग इस मुद्दे को लेकर जनता को गुमराह करने की कोशिश में लगे हुए हैं। इस वजह से जनता में और ज्यादा अफवाहें फैल रही हैं। वास्तविकता ये है कि राज्य में गैस की कोई किल्लत नहीं है।”

इधर गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और जमाखोरी को रोकने के लिए खाद्य विभाग की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। अब तक राज्य में 700 से अधिक सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं। कई गैस एजेंसियों के बाहर ‘गैस नहीं है’ के बोर्ड लगाए जाने से भी लोगों को परेशानी हो रही है।

इसके अलावा कई जगहों पर गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें देखी जा रही हैं। सर्वर डाउन होने की समस्या के कारण ऑनलाइन बुकिंग भी प्रभावित हो रही है, जिससे उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts