छत्तीसगढ़

होली से पहले किसानों के खातों में पहुंचेगी 10 हजार करोड़ की राशि, 28 फरवरी को बिलासपुर से होगा ट्रांसफर

छत्तीसगढ़ सरकार ने होली से पहले किसानों को बड़ी आर्थिक सौगात देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घोषणा की है कि धान के अंतर की 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि किसानों के खातों में अंतरित की जाएगी। यह राज्य स्तरीय राशि अंतरण कार्यक्रम 28 फरवरी को बिलासपुर जिले में आयोजित होगा।

रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में प्रदेशभर से आए किसानों ने इस निर्णय के लिए आभार जताया। इस मौके पर किसानों ने धान से तौलकर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्नदाता देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और किसानों की समृद्धि से ही विकसित भारत का सपना साकार होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किसानों की आय बढ़ाने के प्रयासों का जिक्र करते हुए बताया कि कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए लगातार योजनाएं लागू की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि, राज्य सरकार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीद रही है, जो देश में सबसे अधिक दरों में शामिल है। इस वर्ष 25 लाख 24 हजार किसानों से 141 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। धान के अंतर की राशि होली से पहले किसानों के खातों में पहुंचाई जाएगी, जिसे प्रदेशभर के विकासखंडों में उत्सव के रूप में मनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि किसान क्रेडिट कार्ड जैसी व्यवस्था से किसानों को कम ब्याज पर ऋण मिल रहा है और ब्याजमुक्त पूंजी की सुविधा भी उपलब्ध है। साथ ही प्रधानमंत्री सिंचाई योजना के माध्यम से सिंचाई का रकबा लगातार बढ़ रहा है। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य बीज विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर समेत बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts