छत्तीसगढ़

महिला सशक्तिकरण की मिसाल बना चटौद

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर धमतरी जिले के विकासखंड कुरूद अंतर्गत ग्राम पंचायत चटौद ने महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण आजीविका के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के प्रभावी क्रियान्वयन और महिलाओं की मेहनत से यह गांव आज ‘लखपति ग्राम’ के रूप में उभरकर सामने आया है।

आरसेटी द्वारा किए गए सर्वेक्षण और डिजिटल आजीविका रजिस्टर के आंकड़ों के अनुसार गांव के स्व-सहायता समूहों से जुड़ी 220 महिलाओं की वार्षिक आय एक लाख रुपये से अधिक दर्ज की गई है। इस उपलब्धि का थर्ड पार्टी वेरिफिकेशन भी कराया गया, जिसके बाद चटौद को आधिकारिक रूप से ‘लखपति ग्राम’ के रूप में मान्यता मिली।

 

बिहान मिशन के तहत महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जोड़कर उद्यमिता, कौशल विकास और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए। प्रशिक्षण, वित्तीय साक्षरता और योजनाओं के मार्गदर्शन से महिलाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता भी विकसित हुई।

गांव की महिलाएं अब कृषि के साथ-साथ पशुपालन, मत्स्य पालन, सब्जी उत्पादन और कृषि आधारित लघु उद्योगों से भी ko जुड़ी हैं। इसके अलावा चटौद स्थित गणेशा फायरवर्क्स इकाई में लगभग 100 महिलाओं को रोजगार मिला है, जहां वे पर्यावरण अनुकूल ग्रीन फायरवर्क्स का निर्माण कर रही हैं। महिलाओं को एंटरप्राइज लोन और सामुदायिक निवेश कोष जैसी सुविधाओं से भी सहायता मिली है। आज चटौद की “लखपति दीदियाँ” आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनकर ग्रामीण विकास और महिला सशक्तिकरण की प्रेरक मिसाल बन गई हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts