छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ ओपन स्कूल ने जारी किया 10वीं–12वीं परीक्षा का टाइम टेबल, मार्च से शुरू होंगी परीक्षाएं

छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल ने कक्षा 10वीं (हाईस्कूल) और 12वीं (हायर सेकेंडरी) बोर्ड परीक्षाओं के लिए वर्ष 2026 की समय सारणी जारी कर दी है। हिंदी और अंग्रेजी माध्यम के विद्यार्थियों के लिए ये परीक्षाएं मार्च से अप्रैल 2026 के बीच आयोजित की जाएंगी।

जारी टाइम टेबल के अनुसार हायर सेकेंडरी यानी 12वीं की परीक्षा 16 मार्च 2026 से शुरू होगी, जबकि हाईस्कूल यानी 10वीं की परीक्षा 17 मार्च 2026 से आरंभ होगी। परीक्षा एक ही पाली में सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक आयोजित की जाएंगी।

बोर्ड द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार विद्यार्थियों को सुबह 8:30 बजे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचकर अपनी सीट ग्रहण करनी होगी। इसके बाद 8:35 बजे उत्तरपुस्तिकाएं वितरित की जाएंगी और 8:40 बजे प्रश्न पत्र दिए जाएंगे। छात्रों को उत्तर लिखने का समय सुबह 8:45 बजे से 11:45 बजे तक मिलेगा।

ओपन स्कूल ने यह भी स्पष्ट किया है कि, परीक्षा के लिए निर्धारित टाइम टेबल में शासन या स्थानीय अवकाश घोषित होने पर भी परीक्षाएं अपने निर्धारित कार्यक्रम अनुसार ही होंगी। हालांकि आवश्यक होने पर बोर्ड स्वयं परीक्षा तिथियों में परिवर्तन कर सकता है।

प्रायोगिक परीक्षाओं की जानकारी
ओपन स्कूल ने प्रायोगिक परीक्षाओं को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा केंद्राध्यक्ष 8 अप्रैल 2026 तक अपनी सुविधा के अनुसार प्रायोगिक परीक्षाएं संपन्न कराएंगे। सैद्धांतिक परीक्षा के दौरान छात्रों को प्रायोगिक परीक्षा की सूचना अनिवार्य रूप से दी जाएगी।

इसके अलावा, हायर सेकेंडरी की सैद्धांतिक परीक्षा वाले दिन हाईस्कूल की प्रायोगिक परीक्षा और हाईस्कूल की सैद्धांतिक परीक्षा वाले दिन हायर सेकेंडरी की प्रायोगिक परीक्षा आयोजित की जा सकती है। छात्र प्रायोगिक परीक्षा की तिथि और समय की जानकारी अपने परीक्षा केंद्र से प्राप्त कर सकते हैं।

छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल ने विद्यार्थियों को सलाह दी है कि वे समय सारणी और परीक्षा से जुड़े सभी निर्देशों को ध्यान से पढ़ें और परीक्षा के दिन निर्धारित समय से पहले केंद्र पर पहुंचना सुनिश्चित करें।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts