बेंगलुरु। एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जाने वाले IPL और अंतरराष्ट्रीय मैचों के दौरान अब 11 सीटें हमेशा खाली रखी जाएंगी। इसके साथ ही स्टेडियम के एंट्री गेट पर एक स्मारक पट्टिका लगाई जाएगी और हर मैच से पहले एक मिनट का मौन रखा जाएगा, जिसमें दोनों टीमें शामिल होंगी।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) और कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) ने यह फैसला पिछले साल स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ में जान गंवाने वाले 11 लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए लिया है। 4 जून 2025 को RCB की पहली IPL ट्रॉफी जीत के जश्न के दौरान यह हादसा हुआ था।
इस पहल के तहत स्टेडियम में 11 सीटें कभी भी बेची नहीं जाएंगी, चाहे मैच IPL का हो या अंतरराष्ट्रीय। वहीं, स्मारक पट्टिका को स्टेडियम के एंट्री गेट के पास लगाया जाएगा, ताकि यह जगह हमेशा श्रद्धांजलि का प्रतीक बनी रहे। इसके अलावा, IPL मैच से पहले पीड़ितों के नाम प्रदर्शित किए जाएंगे और एक मिनट का मौन भी रखा जाएगा, जिसमें दोनों टीमें हिस्सा लेंगी।
कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद ने इस फैसले की पुष्टि करते हुए कहा कि “इस दुखद घटना को याद करना भी पीड़ादायक है, लेकिन काफी समय से स्मारक बनाने पर चर्चा चल रही थी।” उन्होंने आगे कहा कि 11 लोगों की याद को सम्मान देना जरूरी है, न कि पुराने जख्मों को कुरेदना।
स्टेडियम के गेट पर लगने वाली यह स्मारक पट्टिका इंग्लैंड के मशहूर हिल्सबरो मेमोरियल की तर्ज पर तैयार की जा रही है। हिल्सबरो मेमोरियल को लिवरपूल एफसी के 97 फैंस की याद में बनाया गया था। दरअसल, 15 अप्रैल 1989 को FA कप सेमीफाइनल के दौरान हिल्सबरो स्टेडियम में हुए भीषण हादसे में इन फैंस की जान चली गई थी, जिसके बाद उनकी स्मृति में यह मेमोरियल बनाया गया।
भगदड़ हादसे के बाद जस्टिस जॉन माइकल डी कुन्हा कमेटी ने स्टेडियम को बड़े आयोजनों के लिए असुरक्षित बताया था, जिसके चलते यहां मैचों पर रोक लगा दी गई थी। इसके कारण ICC महिला वर्ल्ड कप 2025 के मुकाबले भी बेंगलुरु से हटाकर नवी मुंबई में कराए गए थे, वहीं, घरेलू टी-20 लीग महाराजा टी-20 ट्रॉफी को भी बेंगलुरु की बजाय मैसूर में शिफ्ट करना पड़ा था।
हालांकि, अब कर्नाटक सरकार ने स्टेडियम में फिर से मैचों के आयोजन को मंजूरी दे दी है। IPL 2026 के तहत 28 मार्च को यहां ओपनिंग मैच खेला जाएगा, जिसमें RCB का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा।





