देश के कई हिस्सों में जहां गर्मी की शुरुआत हो चुकी है, वहीं मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटों के दौरान 11 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में 50 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती है। मौसम विभाग ने खासकर किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि फसलों को नुकसान होने की आशंका है।
इन राज्यों में बारिश की संभावना
23 फरवरी से हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी मध्य प्रदेश, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में बारिश का अनुमान है। कई जगहों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।
दिल्ली:
दिल्ली में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है। 10 से 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे प्रदूषण स्तर में कुछ राहत मिल सकती है। अधिकतम तापमान करीब 28°C और न्यूनतम 14°C रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश:
राज्य में 23 फरवरी को मौसम साफ रहेगा। कई जिलों में तापमान बढ़ेगा। लखनऊ में अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
बिहार:
यहां भी बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। पटना समेत कई शहरों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। पटना में अधिकतम तापमान 29°C और न्यूनतम 16°C रह सकता है।
उत्तराखंड:
23 और 24 फरवरी को कई जिलों में बारिश हो सकती है। 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। देहरादून में अधिकतम तापमान 22°C और न्यूनतम 11°C रहने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश:
चंबा, कुल्लू और कांगड़ा जैसे इलाकों में 23 फरवरी को बारिश के आसार हैं, जबकि मनाली और ऊंचे क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। मनाली में अधिकतम तापमान शून्य डिग्री और न्यूनतम माइनस 10 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
मध्य प्रदेश:
रीवा, सतना और जबलपुर सहित पूर्वी मध्यप्रदेश के जिलों में 23 फरवरी को बारिश हो सकती है। तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट संभव है। भोपाल में अधिकतम तापमान 30°C के आसपास रह सकता है। और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
पश्चिम बंगाल:
दक्षिण बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, हुगली, 24 परगना, पूर्व-पश्चिम मेदिनीपुर और झारग्राम में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कलिम्पोंग और अलीपुरद्वार में भी हल्की बारिश हो सकती है।
गुजरात और राजस्थान:
गुजरात के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश संभव है, लेकिन अहमदाबाद में मौसम साफ रहेगा। अहमदाबाद में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। राजस्थान के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहेगा, हालांकि दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में हल्के बादल छा सकते हैं। तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।
कुल मिलाकर, देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज अलग-अलग है—कहीं बारिश और आंधी का खतरा तो कहीं गर्मी का असर बढ़ रहा है। ऐसे में लोगों को ताजा मौसम अपडेट पर नजर रखने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।





