मशहूर सिंगर और रैपर बादशाह की दूसरी शादी को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हाल ही में उनकी शादी से जुड़ी कुछ तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं, जिनके बाद फैंस हैरान हैं। हालांकि, अभी तक बादशाह ने खुद इन खबरों की पुष्टि नहीं की है।
बताया जा रहा है कि पूनम रिखी नाम की महिला ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शादी की तस्वीरें और वीडियो शेयर किए हैं। इन तस्वीरों में बादशाह के साथ नजर आ रही दुल्हन का नाम ईशा रिखी बताया जा रहा है। कहा जा रहा है कि दोनों ने करीबी रिश्तेदारों और दोस्तों की मौजूदगी में सादगी से शादी की।
यह बादशाह की दूसरी शादी है। इससे पहले उन्होंने साल 2012 में जैसमीन मसीह से शादी की थी, लेकिन 2020 में दोनों का तलाक हो गया था। अब तलाक के 6 साल बाद बादशाह ने दूसरी बार अपना घर बसा लिया है, हालांकि इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
वायरल वीडियो में दोनों एक-दूसरे को वरमाला पहनाते और शादी की रस्में निभाते नजर आ रहे हैं। ईशा रिखी की मां और बहन ने भी इंस्टाग्राम पर तस्वीरें शेयर कर नए जोड़े को बधाई दी है। शादी के दौरान बादशाह सादे कुर्ता-चूड़ीदार में दिखे, जबकि ईशा रिखी लाल रंग के सूट में नजर आईं।
कौन हैं ईशा रिखी?
ईशा रिखी एक पंजाबी एक्ट्रेस और मॉडल हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत फिल्म ‘जट्ट बॉयज पुट जट्टान डे’ से की थी, जिसमें वे सिप्पी गिल के साथ नजर आईं। इसके अलावा वे अमरिंदर गिल की फिल्म ‘हैप्पी गो लकी’ में भी काम कर चुकी हैं। बाद में उन्होंने ‘मेरे यार कमीने’ और ‘व्हाट द जाट’ जैसी फिल्मों में भी अभिनय किया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बादशाह और ईशा रिखी पिछले कई सालों से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे। साल 2022 से दोनों के रिश्ते की खबरें सामने आ रही थीं। बताया जाता है कि उनकी मुलाकात एक पार्टी के दौरान हुई थी, लेकिन दोनों ने कभी भी अपने रिश्ते को सार्वजनिक तौर पर स्वीकार नहीं किया। अब अचानक सामने आई शादी की तस्वीरों ने फैंस को चौंका दिया है।





