छत्तीसगढ़

गैस सिलेंडर की किल्लत पर डिप्टी सीएम अरुण साव की अपील, ‘थोड़ा धैर्य रखें, अफवाह पर ना जाएं’

रायपुर। प्रदेश में गैस सिलेंडर को लेकर कई जगहों पर एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। इस स्थिति पर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने लोगों से संयम बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।

मीडिया से बातचीत के दौरान अरुण साव ने कहा, “वैश्विक परिस्थितियों और अफवाह के कारण यह स्थिति बनी है। देश में पेट्रोल-गैस का कोई शॉर्टेज नहीं है. लोग थोड़ा धैर्य रखें और अफवाह पर ना जाएं। सरकार कालाबाजारी पर ठोस कार्रवाई कर रही है।”

इस दौरान उन्होंने अफीम की खेती के मुद्दे पर कांग्रेस के विरोध को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा, “कांग्रेस के समय में ही अफीम की खेती शुरू हुई थी। कांग्रेस सरकार में जो नशे का कारोबार हुआ, यह उसी का नतीजा है। मुखबिर से सूचना मिली, उस पर सरकार ने त्वरित और कठोर कार्रवाई की है। किसी को भी नशे का कारोबार करने नहीं दिया जाएगा।”

उन्होंने आगे कहा, “मुख्यमंत्री ने पूरे राज्य में सर्वे के लिए कहा है, जहां गड़बड़ी मिलेगी कठोर कार्रवाई होगी. कांग्रेस इसमें राजनीतिक करने की कोशिश ना करें।”

प्रदेश में शुरू की जा रही गौधाम योजना को लेकर भी उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधा। अरुण साव ने कहा, “कांग्रेस ने गौठान की शुरुआत जनता के पैसे को लूटने के लिए किया था। गौ माता की सेवा करना उनकी फितरत में नहीं थी।”

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार आज से गौधाम योजना की शुरुआत कर रही है। इस योजना के तहत प्रदेश में 1460 गौधाम बनाए जाएंगे, जिनमें से 26 को मंजूरी मिल चुकी है। चरवाहों को मानदेय और पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था भी की गई है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना आने वाले समय में काफी सफल साबित होगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts